State President: मंगनी लाल मंडल होंगे RJD के नए प्रदेश अध्यक्ष, तेजस्वी यादव के साथ किया नामांकन दाखिल! 19 जून को होगी घोषणा
RJD
बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मंगनी लाल मंडल जल्द ही राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नए प्रदेश अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। उन्होंने शनिवार 14 जून को पार्टी कार्यालय में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
नई दिल्ली, पंचखबर डेस्क। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मंगनी लाल मंडल जल्द ही राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नए प्रदेश अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। उन्होंने शनिवार 14 जून को पार्टी कार्यालय में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती भी मौजूद रहे। पार्टी के राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. तनवीर हसन के समक्ष उन्होंने नामांकन दाखिल किया।
19 जून को होगी आधिकारिक घोषणा
इस पद के लिए केवल मंगनी लाल मंडल ने ही नामांकन किया है, ऐसे में उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है। अब 19 जून को पटना के ज्ञान भवन में होने वाली राज्य परिषद की बैठक में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
जगदानंद सिंह की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी
मंगनी लाल मंडल, जगदानंद सिंह की जगह आरजेडी के बिहार अध्यक्ष का पद संभालेंगे। पार्टी ने अत्यंत पिछड़ा वर्ग को साधने की रणनीति के तहत उन्हें चुना है, जो राज्य की आबादी का करीब 36 फीसदी हिस्सा है। मंडल पहले भी लंबे समय तक आरजेडी में रहे, बाद में जेडीयू में चले गए थे। जनवरी 2025 में वह फिर से आरजेडी में शामिल हो गए। वे 1986 से 2004 तक विधान परिषद सदस्य रहे और मंत्री भी बने। इसके अलावा 2004 से 2009 तक राज्यसभा सांसद भी रहे।
