Shefali Jariwala Death: कांटा लगा’ फेम शेफाली जरीवाला की कैसे हुई मौत हो गया खुलासा, जानिए आखिर क्या हुआ
Shefali Jariwala
टीवी और म्यूजिक इंडस्ट्री में पहचान बना चुकीं ‘कांटा लगा गर्ल’ शेफाली जरीवाला का निधन हो गया है। उनकी उम्र सिर्फ 42 साल थी।
नई दिल्ली, पंचखबर डेस्क। टीवी और म्यूजिक इंडस्ट्री में पहचान बना चुकीं ‘कांटा लगा गर्ल’ शेफाली जरीवाला का निधन हो गया है। उनकी उम्र सिर्फ 42 साल थी। शुक्रवार देर रात तबीयत अचानक खराब हुई और उन्हें आनन-फानन में बेलेव्यू अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। शेफाली को जब अस्पताल लाया गया, तब डॉक्टरों ने उन्हें ‘डेड ऑन अराइवल’ घोषित कर दिया। इसके बाद उनका शव रात करीब 12:30 बजे अंधेरी स्थित कूपर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मुंबई पुलिस और फोरेंसिक टीम कर रही जांच
शेफाली के निधन की खबर मिलते ही मुंबई पुलिस और फोरेंसिक टीम उनके अंधेरी के लोखंडवाला स्थित घर पहुंच गई। पुलिस ने घर का मुआयना किया और कुक व मेड से पूछताछ के लिए अंबोली पुलिस स्टेशन ले जाया गया। अभी जांच जारी है। शेफाली की सोसायटी के गार्ड ने बताया कि रात 9 बजे उनके पति पराग त्यागी मोटरसाइकिल से सोसायटी लौटे थे। करीब 10:30 बजे शेफाली की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। गार्ड ने कहा कि यकीन नहीं हो रहा कि जो महिला दो दिन पहले सोसायटी में नजर आई थी, अब हमारे बीच नहीं हैं। माना जा रहा है कि शेफाली की मौत कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुई। यह एक ऐसी स्थिति होती है, जिसमें दिल अचानक धड़कना बंद कर देता है और शरीर को खून मिलना रुक जाता है। इससे कुछ ही मिनटों में मौत हो सकती है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगी।
‘कांटा लगा’ से मिली पहचान, ‘बिग बॉस 13’ में भी दिखीं थीं
शेफाली जरीवाला का जन्म गुजरात के अहमदाबाद में हुआ था। उन्हें 2002 में आए पॉपुलर गाने ‘कांटा लगा’ से पहचान मिली। इसके बाद वह बिग बॉस 13 में भी नजर आई थीं, जहां उन्होंने काफी लोकप्रियता बटोरी। वह टीवी एक्टर पराग त्यागी की पत्नी थीं। हालांकि शुरुआती रिपोर्ट्स में मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई जा रही है, लेकिन पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच से साफ होगा कि मौत स्वाभाविक थी या किसी और वजह से हुई। शेफाली के आकस्मिक निधन से टीवी और बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर है। फैंस और सेलेब्रिटी सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
