Budget 2026: कंटेंट क्रिएटर्स की मौज, स्कूल-कॉलेजों में खुलेंगी क्रिएटर लैब्स, गेमिंग सेक्टर में 10 लाख नौकरियां
Budget 2026
Union Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज देश का बजट पेश कर रही हैं. इसी बीच आइए जानते हैं कि भारत के बजट से किन देशों को फायदा होता है.
नई दिल्ली,पंचखबर डेस्क। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में युवाओं और डिजिटल इंडिया को बड़ी सौगात दी है। संसद में अपना आठवां बजट पेश करते हुए उन्होंने टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को ‘विकसित भारत’ का सबसे बड़ा इंजन बताया। इस बजट में सबसे ज्यादा खुशी कंटेंट क्रिएटर्स, गेमर्स और डिजिटल स्किल्स सीखने वाले युवाओं को मिलने वाली है
वित्त मंत्री ने ऐलान किया कि देश के 15,000 सेकेंडरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब्स खोली जाएंगी। इन लैब्स में एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स यानी ABGC सेक्टर से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाएगी। इसका मकसद छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ प्रोफेशनल कंटेंट क्रिएशन के लिए तैयार करना है।
गेमिंग सेक्टर को मिलेगा बड़ा बूस्ट
बजट 2026 में गेमिंग इंडस्ट्री को भी जबरदस्त बढ़ावा दिया गया है। सरकार के मुताबिक आने वाले समय में गेमिंग सेक्टर में 10 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही गेमिंग और कंटेंट क्रिएशन सिखाने के लिए नए-नए सेटअप तैयार किए जाएंगे।
स्टार्टअप्स और क्रिएटर्स को फंडिंग
सरकार ने गेमिंग स्टार्टअप्स और छोटी टेक कंपनियों के लिए 10,000 करोड़ रुपये का फंड बनाने का ऐलान किया है। इससे नए आइडियाज को सपोर्ट मिलेगा और क्रिएटर इकोनॉमी को मजबूती मिलेगी। साथ ही भारतीय सेमीकंडक्टर और टेक्नोलॉजी पर जोर दिया गया है, जिससे गेमिंग हार्डवेयर सस्ता और बेहतर हो सके।
AI और स्किल डेवलपमेंट पर फोकस
वित्त मंत्री ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अब सिर्फ टेक्नोलॉजी नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था की ताकत माना जा रहा है। AI का इस्तेमाल कंटेंट क्रिएशन, गवर्नेंस और सरकारी सेवाओं में किया जाएगा। इसके लिए देशभर के जिलों में AI-बेस्ड सॉल्यूशंस को बढ़ावा दिया जाएगा।
इसके अलावा, IITs और IISc में 10,000 नई टेक फेलोशिप शुरू करने का भी ऐलान किया गया है, ताकि AI और डीप-टेक रिसर्च को आगे बढ़ाया जा सके।
बेहतर इंटरनेट और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर
डिजिटल इंडिया के अगले चरण के तहत सरकार ने ₹12.2 लाख करोड़ का इंफ्रास्ट्रक्चर बजट रखा है। इससे इंटरनेट कनेक्टिविटी, डेटा सेंटर और 5G/6G नेटवर्क को और मजबूत किया जाएगा, जिसका सीधा फायदा कंटेंट क्रिएटर्स और डिजिटल स्टार्टअप्स को मिलेगा।
Budget 2026 ने यह साफ कर दिया है कि सरकार कंटेंट क्रिएशन, गेमिंग और AI को भविष्य की बड़ी ताकत मान रही है। स्कूल से लेकर स्टार्टअप तक, यह बजट भारत को ग्लोबल डिजिटल और क्रिएटिव हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
